अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : “संविधान देश की आत्मा है, इसके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ देश के लोकतंत्र को कमजोर करने के समान है।” यह कहना है कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की का, जो गुरुवार को रांची जिले के लापुंग प्रखंड में आयोजित ‘दलित जागो-संविधान बचाओ’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस कार्यक्रम में लापुंग और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दलित समुदाय के लोग जुटे। उन्होंने संविधान की रक्षा का संकल्प लिया और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलने की प्रतिज्ञा ली।
बंधु तिर्की ने कहा कि आज देश में एक गहरी साजिश रची जा रही है, जिसमें केंद्र सरकार और RSS मिलकर संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ये ताकतें अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए आम जनता के अधिकार छीनना चाहती हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे इस राजनीतिक चाल को समझें और संविधान बचाने के लिए एकजुट हों। बंधु ने कहा कि अगर संविधान कमजोर हुआ तो पड़हा व्यवस्था, ग्राम सभा के अधिकार और बोलने-खाने-पहनने की आजादी भी खतरे में पड़ जाएगी।
कार्यक्रम में बंधु तिर्की के साथ-साथ कृष्णा नायक, बंधु नायक, खीदू नायक, आशा देवी, शोभा कुमारी, महात्मा राम, प्रकाश राम, सुमन देवी और लखु नायक जैसे कई स्थानीय नेता मौजूद रहे। सभी ने संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।

