Jamshedpur News : तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के अध्यक्ष सरदार सूरज सिंह नलवा ने साकची गुरुद्वारा साहिब में आयोजित बैठक में पंजाबी यूनिवर्सिटी की स्थापना की जोरदार वकालत की। उन्होंने कहा, “हमें आपसी लड़ाई-झगड़े छोड़कर शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। पढ़ाई ही हमारे समाज को ऊंचाई दे सकती है।” इस उद्देश्य के लिए पांच सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की गई, जो परियोजना को जमीन पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

इस बैठक में बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष और तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधन कमेटी के उपप्रधान सरदार लखविंदर सिंह लक्खा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मौजूद था। इसमें सरदार सूरज सिंह नलवा, नवजीत सिंह, तजिंदर सिंह और परमीत सिंह बग्गा शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने साकची गुरुद्वारा में माथा टेक कर दर्शन किए और प्रधान निशान सिंह के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की। साथ ही, हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक में सिख समुदाय के आंतरिक विवादों पर भी चर्चा हुई और आपसी एकता पर बल दिया गया।

प्रतिनिधियों ने पटना साहिब के महासचिव इंद्रजीत सिंह के घर जाकर उनकी माता के निधन पर शोक जताया। सतबीर सिंह सोमू ने संगत से अपील की कि जो भी इस ऐतिहासिक पहल से जुड़ना चाहता है, वह लक्खा जी से संपर्क करें।

Share.
Exit mobile version