अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आग्रह किया है कि वे अपने–अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) की तैनाती प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे और कोई भी मतदाता छूट न जाए।
यह बातें उन्होंने गुरुवार को निर्वाचन सदन में राज्य के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर दल को जिला और विधानसभा स्तर पर BLA-1 और प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर BLA-2 की नियुक्ति करनी चाहिए और इनकी सूची निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को उपलब्ध करानी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी कहा कि BLA की नियुक्ति करते समय यह ध्यान रखा जाए कि वह उसी मतदान केंद्र का स्थानीय मतदाता हो। यह स्थानीयता BLA की कार्यकुशलता और जनता से जुड़ाव के लिए जरूरी है।
बीएलए की नियुक्ति से न केवल फर्जी मतदान की रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि मतदाता सूची के प्रारूप की जांच, सुधार और नाम जोड़ने जैसी प्रक्रियाओं में भी अहम सहयोग मिलेगा। BLA को मतदाताओं से फॉर्म जमा कराने, प्रारूप सूची प्राप्त करने और सुधार प्रस्तावों पर सुझाव देने जैसे अधिकार भी दिए गए हैं।
रवि कुमार ने यह भी बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान BLA और BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) आपसी समन्वय से कार्य करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं। BLO की भूमिका जितनी जरूरी है, उतनी ही BLA की भी है।
इस बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देव दास दत्ता सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी दलों ने आयोग को अपने सहयोग का आश्वासन दिया। यह कदम आगामी चुनावों की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिससे मतदाता सूची त्रुटिरहित और निष्पक्ष बन सके।

