Ranchi : बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब झारखंड पुलिस भी पूरी तरह सतर्क हो गई है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभियान डॉ. माइकल राज ने इस संबंध में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

आईजी अभियान ने बताया कि बिहार से सटे झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और कोडरमा जैसे सीमावर्ती जिलों में चौकसी बढ़ा दी गई है। इन इलाकों में चुनाव के दौरान मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, नकदी और शराब की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस की विशेष टीमें तैनात की जा रही हैं। इसके साथ ही सभी चेक पोस्टों पर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

डॉ. माइकल राज ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए झारखंड पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत झारखंड पुलिस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। अवैध नकदी की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अगर कोई व्यक्ति आयोग द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक नकद राशि ले जाता है, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

आईजी अभियान ने यह भी कहा कि बिहार के सीमावर्ती जिलों से समन्वय स्थापित करने के लिए झारखंड के एसपी अपने-अपने बिहार के निकटवर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों से नियमित संवाद बनाए हुए हैं। इसके अलावा अंतर-जिला और अंतर-राज्यीय बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं, ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान सुचारू रूप से हो सके।

बिहार चुनाव के साथ-साथ झारखंड पुलिस ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी है। इस दौरान पुलिस बल की तैनाती, गश्ती दल की सक्रियता और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

झारखंड पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पूरे राज्य में शांति, सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिस मुख्यालय ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध लेनदेन की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

Share.
Exit mobile version