Ranchi News:झारखंड में इस बार मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। पिछले तीन वर्षों की तुलना में वर्ष 2025 में अब तक सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। जुलाई के पहले सप्ताह में ही सामान्य से 85 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जो मौसम वैज्ञानिकों को भी चौंका रही है।

वहीं, यदि पिछली सालों की बात करें तो वर्ष 2023 में कुल बारिश सामान्य से 26 प्रतिशत कम और वर्ष 2022 में 20 प्रतिशत कम रही थी। वर्ष 2024 में भी बारिश सामान्य से थोड़ी कम थी, लेकिन इस बार अब तक झारखंड का मानसून बेहद सक्रिय नजर आ रहा है।

विशेष रूप से धनबाद जिले में वर्ष 2024 के अगस्त माह में रिकॉर्ड 621.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि इस महीने की सामान्य बारिश महज 308.3 मिमी होती है। यह आंकड़ा बताता है कि किस तरह राज्य में बारिश की प्रवृत्ति में बदलाव आया है।

मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक झारखंड के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में सिमडेगा जिले के कुरडेग में सबसे ज्यादा 59.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि राजधानी रांची में 12.5 मिमी बारिश दर्ज हुई।

तापमान की बात करें तो गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 36.7°C, जमशेदपुर में 30.5°C, डालटेनगंज 30°C, बोकारो 32.1°C और चाईबासा में 32.4°C दर्ज किया गया।

Share.
Exit mobile version