Ranchi : हज 2025 के लिए इंतजार कर रहे कई आवेदकों के लिए राहत की खबर है। विभिन्न आधारों पर रद्द हुए आवेदनों के कारण कुल 375 हज सीटें उपलब्ध हो गई हैं। इस संबंध में भारतीय हज समिति ने प्रतीक्षा सूची में शामिल आवेदकों को स्किपिंग सूची के आधार पर अंतिम रूप से चयनित किया है।

यह चयन परिपत्र संख्या 37 दिनांक 28 मार्च, 2025 के निर्देशों के अनुरूप किया गया है। चयन वीजा की स्वीकृति और उड़ान सीटों की उपलब्धता पर निर्भर होगा। साथ ही, हज समिति ने यह स्पष्ट किया है कि प्रवेश बिंदु (Embarkation Point) में आवश्यकतानुसार परिवर्तन का अधिकार वह अपने पास सुरक्षित रखती है।

दो कार्य दिवस में करना होगा पूर्ण भुगतान

चयनित तीर्थयात्रियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित हज राशि प्रथम किस्त ₹1,30,300/-, द्वितीय किस्त ₹1,42,000/- एवं परिपत्र संख्या 36 दिनांक 19 मार्च, 2025 के अनुसार संभावित तृतीय किस्त को दो कार्य दिवसों के भीतर जमा कर दें।

हज राशि का भुगतान दो माध्यमों से किया जा सकता है

  • ऑनलाइन ई-भुगतान (क्रेडिट/डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग) के माध्यम से https://hajcommittee.gov.in या हज सुविधा ऐप पर
  • भारतीय स्टेट बैंक या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पे-इन-स्लिप के माध्यम से भुगतान

प्रत्येक कवर नंबर के लिए प्राप्त विशिष्ट बैंक संदर्भ संख्या को रसीद में स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य है।

दस्तावेजों को त्वरित जमा करना अनिवार्य

भुगतान के बाद चयनित तीर्थयात्रियों को निम्नलिखित दस्तावेज राज्य/संघ राज्य क्षेत्र हज समिति में तत्काल जमा करने होंगे। 

  • मूल पासपोर्ट
  • हज आवेदन पत्र (HAF)
  • घोषणा और वचनबद्धता पत्र
  • पे-इन-स्लिप या ऑनलाइन भुगतान रसीद
  • मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र (हज समिति वेबसाइट के प्रारूप में)
  • पासपोर्ट की स्व-सत्यापित प्रति

राज्य/संघ राज्य क्षेत्र हज समितियां ये दस्तावेज प्राप्त होते ही हज पोर्टल पर अपलोड करेंगी। मूल पासपोर्ट का प्रबंधन, एसओपी दिनांक 3 फरवरी, 2025 के अनुसार किया जाएगा। यह प्रक्रिया सुनिश्चित करती है कि शेष आवेदकों को भी पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर हज यात्रा में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हो सकेगा।

Share.
Exit mobile version