Gurugram/Delhi: दिल्ली-एनसीआर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर रूह कांप जाए। यहां एक 19 वर्षीय युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने न केवल छात्रा को बेरहमी से पीटा और चाकू से वार किए, बल्कि उसके प्राइवेट पार्ट पर सैनिटाइजर डालकर आग लगा दी। फिलहाल पीड़िता दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
Read more: गुजरात में पत्नी की हैवानियत, शक में अंधी, सोते पति के प्राइवेट पार्ट पर डाला तेजाब!
मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली पीड़िता गुरुग्राम की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से बायोटेक की पढ़ाई कर रही है। वह आरोपी शिवम (19) के साथ सेक्टर-69 स्थित एक पीजी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पीड़िता के अनुसार, शिवम उसे शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था, लेकिन कुछ समय से वह उस पर शक करने लगा और मारपीट पर उतारू हो गया।
तीन दिनों तक चलता रहा जुल्मों का सिलसिला
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने 16 फरवरी से उस पर जुल्म ढाना शुरू किया। आरोपी ने स्टील की बोतल से उसके सिर पर हमला किया और उसका सिर दीवार व फर्नीचर से टकराया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने छात्रा के प्राइवेट पार्ट पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी और चाकू से उसके पैरों पर कई वार किए। आरोपी ने कथित तौर पर उसके न्यूड वीडियो भी बनाए और उसे धमकी दी कि वह कभी मां नहीं बन पाएगी।
मां की सजगता से बची जान
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता की मां ने उसे फोन किया। फोन पर बेटी की चीखें सुनकर मां ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर पुलिस ने देखा कि छात्रा लहूलुहान हालत में पड़ी थी और आरोपी उसे तब भी पीट रहा था।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती
पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों की दोस्ती पिछले साल सितंबर में एक सोशल मीडिया ऐप के जरिए हुई थी। प्यार का इजहार होने के बाद वे पिछले दो महीनों से साथ रह रहे थे। पुलिस ने आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
Read more: गुमला में हैवानियत: लिव-इन पार्टनर को कुल्हाड़ी से काटा, निकाल ली आंख!



