Ranchi News : राज्यसभा सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी का झारखंड आगमन पर राजधानी रांची में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दो दिवसीय दौरे पर आए इमरान प्रतापगढ़ी का स्वागत बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों, झारखंडी पारंपरिक नृत्य, फूलों की माला और अंगवस्त्र के साथ किया गया।

इस स्वागत समारोह की अगुवाई प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रभारी जीनल एन गाला और प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने की। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर मौजूद रहे और ‘इमरान प्रतापगढ़ी ज़िंदाबाद’ के नारों से माहौल को जीवंत कर दिया। भीगती हुई बारिश में भी कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था।

एयरपोर्ट से इमरान प्रतापगढ़ी का काफिला जुलूस के रूप में निकला जो अम्बेडकर चौक और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए रांची जिला परिसदन पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह उनका अभिनंदन किया गया। जिला परिसदन पहुंचने के बाद इमरान प्रतापगढ़ी ने कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की और राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहज़ादा अनवर, प्रदेश उपाध्यक्ष करीम अंसारी, वरिष्ठ नेता जेडी तिग्गा, महमूद अली, प्रदेश महासचिव हसनैन आलम, महानगर अध्यक्ष हुसैन खान, महिला नेता जैतून जॉन, अरसादुल क़ादरी, तनवीर खान, मोहम्मद सफ़ार, राशिद अंसारी और अज़हर पप्पू सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

शाम में इमरान प्रतापगढ़ी बरियातू के पहाड़ी मैदान में आयोजित “तहफ़्फ़ुज़-ए-औक़ाफ़ कॉन्फ्रेंस” में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। यह सम्मेलन वक्फ एक्ट में संशोधन के विरोध में आयोजित किया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य मुस्लिम समुदाय के धार्मिक स्थलों और संपत्तियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना है।

इस असवर पर प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने कहा कि वक्फ एक्ट में प्रस्तावित संशोधन अल्पसंख्यकों की धार्मिक और सामाजिक संरचनाओं पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस इसका पुरज़ोर विरोध करेगी और इस मुद्दे को न केवल राज्य, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से वक्फ संपत्तियों की रक्षा और अल्पसंख्यक अधिकारों की बहाली को लेकर एक मजबूत संदेश दिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस की ओर से यह साफ संदेश दिया गया है कि पार्टी अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

इमरान प्रतापगढ़ी जैसे ऊर्जावान और जमीनी नेता की उपस्थिति से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आने वाले दिनों में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग झारखंड में जन-जागरूकता अभियानों और संवाद कार्यक्रमों की नई श्रृंखला शुरू करने की योजना बना रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक इमरान प्रतापगढ़ी का संबोधन शेष है और सम्मेलन जारी है।

Share.
Exit mobile version