Ranchi : डोरंडा स्थित भव्य काली पूजा पंडाल का उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मां काली की आराधना कर जिलेवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और एसएसपी ने पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात की और आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहयोग करेगा। समिति के सदस्यों ने उपायुक्त, एसएसपी सहित अन्य पदाधिकारियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।

उपायुक्त श्री भजंत्री ने सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से और समय पर संपन्न हों। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा की सतत निगरानी रखने, यातायात नियंत्रण में सावधानी बरतने और श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।

पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं और विसर्जन कार्यक्रम भी शांति व श्रद्धा के वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। मौके पर नगर निगम, विद्युत विभाग, पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version