Ranchi News : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को श्रद्धांजलि देने गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रामगढ़ जिला अंतर्गत नेमरा स्थित उनके पैतृक आवास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिबू सोरेन जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल ने दिवंगत नेता के सम्मान में मौन धारण कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शिबू सोरेन जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
राज्यपाल श्री गंगवार ने मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ बैठकर परिवार के सदस्यों का ढांढ़स बंधाया और कहा, “दुःख की इस घड़ी में पूरा राज्य और देश आपके साथ खड़ा है। दिशोम गुरु का योगदान झारखंड और आदिवासी समाज के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”
शिबू सोरेन के पैतृक आवास नेमरा में इन दिनों लगातार देशभर से श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। राजनीतिक, सामाजिक और जनजातीय संगठनों के प्रतिनिधि वहां पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दे रहे हैं।
राज्यपाल की यह यात्रा दर्शाती है कि शिबू सोरेन जी का जीवन और संघर्ष आज भी लोगों के दिलों में जीवंत है। उनके विचार, आदर्श और योगदान आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन करते रहेंगे।



