Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर 11 से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 25 वर्षीय एक कामकाजी युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान नेहा मिश्रा के रूप में हुई है, जो कृष्णा मिश्रा की पुत्री थी और गम्हरिया स्थित बीको मोड़ के पास एक निजी कंपनी एएसएल एंटरप्राइजेज में कार्यरत थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहा पिछले करीब दस दिनों से घर में अकेली रह रही थी। उसके माता-पिता किसी पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे। रविवार को जब आसपास के लोगों ने लंबे समय तक घर का दरवाजा बंद देखा और भीतर से कोई हलचल नहीं हुई, तो उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। वहां नेहा का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने उसके माता-पिता को जानकारी दी, जिसके बाद वे गांव से वापस लौट रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है।
Share.
Exit mobile version