Jamshedpur News: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा शांतिनगर निवासी संतोष लोहार (37) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार दोपहर उनका शव गोविंदपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पास ट्रैक किनारे क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गए, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान संतोष लोहार के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि संतोष पेशे से चालक था और रविवार सुबह करीब 9 बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस से मिली सूचना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।



