चैनपुर/गुमला:- चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिगावाल और दत्तरा के बीच निवाटोली के समीप शनिवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। शादी समारोह से लौट रही एक टाटा मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में वाहन चालक समेत कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायल तिगावाल गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां ‘मालम पारिस’ शादी की रस्म में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान निवाटोली के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टाटा मैजिक सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के एसआई विजय उरांव एवं एएसआई संतोष धर्मपाल लुगुन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. जेन वंदना बेक द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। मामूली रूप से घायल नीलेश मुंडा (चित्तरपुर) और 3 वर्षीय असित कुजूर (चैनपुर बाजार बस्ती) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल शशि तिर्की (चैनपुर बाजार बस्ती), बुधना मुंडा (18, चित्तरपुर), फिलिप कुजूर (55, चित्तरपुर) एवं वाहन चालक अशीत राजेश एक्का (25, टोंगो) को बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।



