Ranchi News : झारखंड की राजधानी में खेल प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा, जब 64वीं रांची जिला स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार उद्घाटन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका, बारियातू में किया गया। इस आयोजन की शुरुआत अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार ने की। खास बात यह रही कि उद्घाटन समारोह बारिश के बीच हुआ, जिसने खिलाड़ियों के जुनून और जज़्बे को और उभार दिया।
उद्घाटन समारोह में जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल जगत की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक बदल राज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। रांची जिला फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव आसिफ नईम, रेफरी फरीद खान और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि निशिकांत पाठक भी समारोह की शोभा बढ़ा रहे थे।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार ने कहा, “इन बच्चियों का जोश और प्रतिभा देखकर दिल खुश हो जाता है। आज की ये खिलाड़ी कल राष्ट्रीय स्तर पर हमारे राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।”
जिला शिक्षा अधीक्षक श्री राज ने भी इस अवसर पर कहा कि सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट बच्चों को प्रतिभा निखारने का बड़ा मंच प्रदान करता है। यह सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व जैसे गुणों को विकसित करने का ज़रिया भी है।
प्रतियोगिता तीन वर्गों में
अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका। अंडर-15 और 17 के बालक वर्ग के मैच खेल गांव के प्रैक्टिस ग्राउंड में और बालिका वर्ग के मुकाबले मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका, बारियातू में हो रहे हैं। हर वर्ग में 19 टीमें भाग ले रही हैं और प्रतियोगिता नॉकआउट फॉर्मेट में खेली जा रही है।
3 जुलाई 2025 को अंडर-17 बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। उसी दिन पहली बार लिटिल चैंप अंडर-12 फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में रांची जिला फुटबॉल एसोसिएशन, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद और स्कूलों के शिक्षकों की भूमिका अहम रही। विजेता टीमें अब प्रमंडलीय स्तर पर होने वाले सुब्रतो टूर्नामेंट में रांची जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।



