Ranchi : मोरहाबादी मैदान में 16 सितंबर से 22 सितंबर तक जूनियर चेंबर ऑफ कॉमर्स (जेसीआई) रांची द्वारा भव्य एक्सपो उत्सव-2025 का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को भूमि पूजन और पूजा-अर्चना के साथ इस आयोजन की तैयारियों की शुरुआत की गई। यह मेला झारखंड का सबसे बड़ा ट्रेड फेयर और कंज्यूमर फेस्ट माना जा रहा है, जिसका रांचीवासियों को बेसब्री से इंतजार है।

एक्सपो उत्सव के मुख्य संचालक सिद्धार्थ जयसवाल ने बताया कि इस बार पूरे 7 दिनों तक यह आयोजन चलेगा। दुर्गा पूजा और दीपावली से पहले खरीदारी का यह सुनहरा मौका लोगों को एक ही स्थान पर हर प्रकार की वस्तुएं उपलब्ध कराएगा। कपड़े, गाड़ियां, मोटरसाइकिल, ई-स्कूटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर, लाइट, घरेलू सामान, फर्नीचर, रसोईघर के उपकरण से लेकर बच्चों के खिलौने तक सभी चीजें इस मेले में मौजूद रहेंगी।

उन्होंने बताया कि मेले का समय प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगा। खासकर शनिवार को नाइट बाजार और रविवार को देर रात तक विशेष व्यवस्था की जाएगी ताकि लोग परिवार सहित उत्सव का आनंद ले सकें।

भूमि पूजन के मौके पर सिद्धार्थ जयसवाल के साथ मंजूषा जयसवाल, अध्यक्ष प्रतीक जैन, विक्रम चौधरी, सौरभ शाह और नवीन गाड़ोदिया मौजूद थे। उम्मीद है कि यह एक्सपो न सिर्फ खरीदारी का अनोखा अनुभव देगा बल्कि शहर के आर्थिक और सामाजिक जीवन में भी नई रौनक भर देगा।

Share.
Exit mobile version