Ranchi News : रांची जिला प्रशासन जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हर मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन कर रहा है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह विशेष पहल जिले के सभी प्रखंड और अंचल कार्यालयों में की जा रही है। इस दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतें सुनना, उन्हें समझना और जहां संभव हो, वहीं तत्काल समाधान करना है।
आज, 8 जुलाई 2025 को आयोजित जनता दरबार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचल अधिकारी (CO) ने बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, भूमि मापी और निबंधन से जुड़े मामले सामने आए। कई शिकायतों का तत्काल मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि कुछ मामलों को संबंधित विभागों को अग्रेषित कर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
जनता दरबार में अंचल निरीक्षक (CI) और राजस्व कर्मचारी भी उपस्थित रहे, ताकि जमीन से जुड़े मामलों में शीघ्र निष्पादन किया जा सके। राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिकायतों की अद्यतन स्थिति की जानकारी रखें और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। इससे लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने स्पष्ट कहा है कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित और जवाबदेह समाधान है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील रवैया अपनाने और नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाने की बात दोहराई।
यह पहल न केवल जनता का भरोसा प्रशासन में बढ़ा रही है, बल्कि सरकारी कार्यप्रणाली को भी जनहित के और करीब ला रही है।



