रांची। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने सरहुल पर्व पर विद्युत व्यवस्था एवं अन्य प्रशासनिक तैयारी की समीक्षा हेतु सभी सम्बंधित पदाधिकारियों के साथ 29 मार्च 2025 को कार्यालय कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक की। इस दाैरान उपायुक्त ने क्रमवार सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए सरहुल जुलुस एवं रामनवमी जुलुस मार्ग में सड़क मरम्मती, जेनेटर द्वारा बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेटिंग, सुरक्षा हेतु सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सरहुल और रामनवमी जुलुस के दौरान बिजली के तार व्यवस्थित एवं खुले हुए नहीं हों। जब तक रात्रि में जुलुस वापसी नहीं हो जाती, तब तक बिजली आपूर्ति नहीं करें। बिजली आपूर्ति से पूर्व माइक्रो लेवल मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। 

सरहुल एवं रामनवमी के जुलुस के दौरान मेडिकल टीम तैनात

सरहुल एवं रामनवमी जुलुस के दौरान मेडिकल टीम तैयार रहेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के द्वारा मेडिकल टीम और जुलुस के साथ एम्बुलेंस तैनात रहेगी ताकि किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवा उपलब्ध रहें। इसके साथ प्रमुख जगहों में भी स्वास्थ्य टीम तैनात रहेगी।

सरहुल पर्व में विशेष साज-सज्जा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

आगामी सरहुल पर्व में जिला प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख मार्गो में विशेष साज-सज्जा किया जाएगा एवं प्रमुख जगहों पर रंगा-रंग कार्यक्रम झारखण्ड की संस्कृति पर आधारित होगी। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तैयारियों में लगा है ताकि इस प्राकृतिक महापर्व को भव्यता के साथ संपन्न कराया जा सकें।

आगामी पर्व के दौरान सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम

सरहुल एवं रामनवमी पर्व के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों को लगाया जायेगा। आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया जाएगा ताकि असामाजिक तत्व किसी प्रकार का कोई फायदा नहीं उठा पाए। ट्रैफिक किसी तरह से बाधित नहीं हो इसके लिए रूट को ध्यान में रखते हुए डायवर्ट किया जाएगा।

सभी निजी कंपनीयों के मोबाइल केबल को व्यवस्थित करने का निर्देश

उपायुक्त द्वारा सभी सरकारी एवं निजी मोबाइल कंपनीयों के मोबाइल केबल को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है ताकि जुलुस सभी प्रस्तावित मार्गो से सुगमता पूर्वक निकल जाए। अगर सम्बंधित कंपनी अपने केबल व्यवस्थित नहीं करती है तो उन पर जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा।

Share.
Exit mobile version