Health Desk: अक्सर लोग सुबह नींद से उठते ही अचानक चक्कर आने या आंखों के आगे अंधेरा छा जाने को थकान और कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। बार-बार होने वाली यह समस्या किसी गंभीर अंदरूनी बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकती है।

डॉक्टरों के अनुसार, इस स्थिति को चिकित्सकीय भाषा में ‘ऑर्थोस्टैटिक हाइपोटेंशन’ कहा जाता है। यह तब होता है जब लेटी हुई स्थिति से अचानक खड़े होने पर ब्लड प्रेशर तेजी से गिर जाता है और दिमाग तक रक्त की आपूर्ति कुछ सेकंड के लिए कम हो जाती है। शरीर यदि इस अचानक हुए बदलाव को तुरंत संतुलित नहीं कर पाता, तो व्यक्ति को चक्कर या हल्कापन महसूस होता है।

सुबह चक्कर आने के प्रमुख कारण:

  • डिहाइड्रेशन (पानी की कमी): नींद के दौरान शरीर में पानी की मात्रा कम हो जाती है। यदि दिनभर पानी कम पिया गया हो या रात में शराब/कैफीन का सेवन किया हो, तो सुबह बीपी गिर सकता है।

  • लो ब्लड शुगर (हाइपोग्लाइसीमिया): लंबे समय तक खाली पेट रहने से विशेषकर डायबिटीज के मरीजों में सुबह घबराहट, पसीना और चक्कर की समस्या हो सकती है।

  • स्लीप एपनिया: नींद के दौरान सांस रुकने की समस्या से शरीर में ऑक्सीजन का स्तर गिर जाता है, जिससे सुबह सिर भारी महसूस होता है।

  • दवाइयों का असर: ब्लड प्रेशर, अवसाद (Depression) या दिल की बीमारियों के लिए ली जाने वाली कुछ दवाइयों के साइड इफेक्ट से भी सुबह चक्कर आ सकते हैं।

  • कान का संक्रमण: कान का अंदरूनी हिस्सा शरीर का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। वहां सूजन या संक्रमण होने पर उठते ही तेज चक्कर आते हैं।

बचाव के लिए क्या करें? विशेषज्ञों की सलाह है कि बिस्तर से अचानक झटके से न उठें। पहले कुछ देर बैठकर पैरों को हिलाएं, फिर धीरे से खड़े हों। दिनभर पर्याप्त पानी पिएं, नियमित नाश्ता करें और यदि समस्या बनी रहती है, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श कर अपना ब्लड चेकअप या न्यूरोलॉजिकल जांच करवाएं।

Read more — खबरदार! केवल सीने में दर्द ही नहीं, ये 5 लक्षण भी हैं दिल की बीमारी का संकेत

Share.
Exit mobile version