अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: उद्योग जगत के प्रतिष्ठित संगठन कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) की झारखंड स्टेट काउंसिल ने वर्ष 2026-27 के लिए अपने नए सेनापतियों का चुनाव कर लिया है। मंगलवार, 10 मार्च को रांची में आयोजित वार्षिक बैठक के दौरान इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। इस बार संगठन ने अनुभव और विजन का बेहतरीन तालमेल बिठाते हुए दिलू पारिख को अध्यक्ष और डीबी सुंदर रामम को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
ऑटोमोबाइल जगत का बड़ा नाम अब झारखंड CII के शिखर पर
वैदेही मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक दिलू पारिख को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है। ऑटोमोबाइल सेक्टर का एक जाना-माना चेहरा पारिख मर्सिडीज-बेंज और टाटा मोटर्स जैसी दिग्गज कंपनियों की डीलरशिप का संचालन करते हैं। वे पहले भी सीआईआई जमशेदपुर जोन के चेयरमैन और स्टेट काउंसिल के वाइस चेयरमैन रह चुके हैं। उनके पास उद्योगों के बीच समन्वय स्थापित करने और क्षेत्रीय विकास की परियोजनाओं को जमीन पर उतारने का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड है।
टाटा स्टील के डीबी सुंदर रामम बने उपाध्यक्ष
वहीं, उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम को मिली है। माइनिंग इंजीनियरिंग में 35 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले सुंदर रामम ने टाटा स्टील में एक ‘ग्रेजुएट ट्रेनी’ से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक का सफर तय किया है। कोयला और लौह अयस्क खदानों के प्रबंधन में उनकी विशेषज्ञता झारखंड जैसे खनिज प्रधान राज्य के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।
औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति
सीआईआई के इस नए नेतृत्व से उम्मीद जताई जा रही है कि झारखंड में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे और स्थानीय एमएसएमई (MSME) सेक्टर को भी वैश्विक मंच मिलेगा। नए पदाधिकारियों ने संकेत दिया है कि उनका फोकस राज्य में इज ऑफ डूइंग बिजनेस और सस्टेनेबल माइनिंग पर रहेगा।

