Ranchi News : रांची पुलिस ने एक ऐतिहासिक और सराहनीय कार्य करते हुए मात्र 2 घंटे में एक नाबालिग छात्रा को अपहरणकर्ता के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाकर लोगों का विश्वास जीत लिया। इस साहसिक कदम के लिए मुस्लिम समाज ने पुलिस टीम को सम्मानित किया।
घटना 30 जुलाई की सुबह की है, जब सीरम टोली चौक, रांची से एक नाबालिग छात्रा का अपहरण हो गया। सूचना मिलते ही डीआईजी सह एसएसपी रांची, चंदन कुमार सिन्हा के नेतृत्व में सिटी एसपी अजीत कुमार सिंह और विशेष पुलिस जांच दल ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। मात्र दो घंटे में पुलिस टीम ने रामगढ़ जिले से अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर बच्ची को सुरक्षित वापस लाने में सफलता हासिल की।
इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे शहर में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है। समाज में बेहतर संदेश देने और पुलिस की बहादुरी को सम्मानित करने के लिए मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि एसएसपी आवास पहुंचे।
सम्मान समारोह में शामिल प्रमुख लोग
सम्मान समारोह में कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें हाजी फिरोज राईन (अध्यक्ष, जमीतुल राईन पंचायत), छात्रा के पिता आफताब आलम, हाजी जावेद, मो. पप्पू, डब्बू (जमीतुल राईन पंचायत), जेएमएम नेता लाडले खान, मुन्नवर अली भुट्टो (अध्यक्ष, इदरीसिया सूफी पंचायत), आफताब आलम (अध्यक्ष, इदरीसिया गुलजार पंचायत), अय्यूब राजा खान (अध्यक्ष, पठान तंजीम), साजिद उमर (अंजुमन इस्लामिया रांची), जावेद अहमद (मिल्लत पंचायत, मिल्लत कॉलोनी, आजाद बस्ती), सज्जाद इदरीसी (अध्यक्ष, कर भला हो भला), मोख्तार गद्दी (जमीतुल गद्दी पंचायत), नदीम खान (लहू बोलेगा), तनवीर अहमद (फ्रेंड्स ऑफ विकर्स सोसाइटी), समाजसेवी मो. बब्बर और मो. नुमान सहित कई लोग मौजूद रहे।
समाज के लोगों ने कहा कि पुलिस की तेज और चुनौतीपूर्ण कार्रवाई से सभ्य समाज में एक सकारात्मक संदेश गया है। इस तरह की कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करती है बल्कि नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना को भी बढ़ाती है।
मुस्लिम समाज ने रांची पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की यह बहादुरी हमेशा याद रखी जाएगी और इसने इंसानियत में लोगों का विश्वास मजबूत किया है।



