अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने 9 जून 2025 को समाहरणालय स्थित सभागार में जिलास्तरीय वरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में चल रही विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करना था। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपनी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए समन्वित प्रयास करें।
जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाएं। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा वे जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर हल करें। आम जनता से अधिकारी किसी भी परिस्थिति में अच्छे से पेश आएं और उनके कार्यों को प्राथमिकता दें।
कार्तिक उरांव फ्लाईओवर पर स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा कार्तिक उरांव फ्लाईओवर पर स्टंट करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को सार्वजनिक रूप से परेड कराया जाएगा ताकि दूसरों को सबक मिले। इसके अलावा, फ्लाईओवर पर सेल्फी लेने वालों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी।
मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना की समीक्षा
उपायुक्त ने मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना की राशि भुगतान की समीक्षा करते हुए कहा कि रांची जिले में 3 लाख 40 हजार लाभुकों को राशि का भुगतान किया गया है। बाकी 87 हजार योग्य लाभुकों का सत्यापन के बाद राशि का भुगतान किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अबुआ साथी के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समय पर निष्पादन करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी नागरिक बिना समाधान के वापस न जाए। उन्होंने मंईया सम्मान योजना के तहत महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए बकरी पालन, मुर्गी पालन और अंडा उत्पादन जैसे कार्यों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
शांति समिति का पुनर्गठन और DJ रजिस्ट्रेशन
उपायुक्त श्री भजंत्री ने शांति समिति का पुनर्गठन करने और उन्हें आईडी कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, DJ रजिस्ट्रेशन कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने और बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाहरणालय और ब्लॉक परिसर की साफ-सफाई और छत की मरम्मत के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। समाहरणालय में लिफ्ट की मरम्मत के लिए टेंडर करने और पार्किंग में खड़ी खराब सरकारी गाड़ियों को नीलाम करने के निर्देश दिए। साथ ही, पार्किंग में वाहनों की चोरी को रोकने के लिए 24 घंटे गार्ड की तैनाती की जाएगी।
वर्कशॉप फॉर सिटीजन इंगेजमेंट
उपायुक्त ने 19 जून से पहले वर्कशॉप फॉर सिटीजन इंगेजमेंट आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उपायुक्त ने रांची शहरी क्षेत्र में पेयजल की समस्या की जानकारी ली और नगर निगम को टैंकर से पेयजल की व्यवस्था और शहर की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत दिवस के दिन कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत योग्य लाभुकों को प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए।
भूमि विवाद सेल का गठन
उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को भूमि विवाद सेल का गठन करने और लोगों की भूमि से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए। गौरतलब हो कि उपायुक्त के जनता दरबार में अब तक सबसे ज्यादा शिकायत भमि विवाद को लेकर आया है हालांकि अब तक सभी भूमि विवाद का समाधान नहीं हो पाया है जबकि उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन विवादों को शीघ्र ही सुलझाने का निर्देश दिया है बावजूद जिले में समस्या बनी हुई है।
अगली SOM में प्रगति की समीक्षा
उपायुक्त ने कहा कि अगली SOM (समीक्षा बैठक) में सभी योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची उत्कर्ष कुमार सहित सभी विभागों के प्रमुखों ने भाग लिया।

