Ranchi News : राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अबुआ आवास योजना के तहत रांची जिले के हजारों लाभुकों का वर्षों पुराना सपना अब हकीकत में बदल रहा है। शनिवार को जिले के सभी 18 प्रखंडों में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के तहत 3533 लाभुकों ने अपने नए घरों में गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर लाभुकों के चेहरे पर सच्ची मुस्कान और संतोष झलकता दिखा। विशेष रूप से नगड़ी प्रखंड के साहेर पंचायत में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री स्वयं पहुंचे और लाभुक अजय नायक व उनकी पत्नी को घर की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराया। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष, सदस्य, उपविकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव, बीडीओ, सीओ सहित कई अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उपायुक्त को सामने देखकर सरकार पर बढ़ा भरोसा

रांची जिले के 18 प्रखंडों में लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम काे लेकर ग्रामीण सुबह से ही काफी उत्साहित थे। अपने समक्ष उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को देखकर ग्रामीणों में काफी खुशी देखी गई। ग्रामीणों से पूछे जाने पर उन्होंने कहा उपायुक्त के कार्य को सोशल मीडिया में बस पढ़ते आये हैं, विश्वास नहीं था कि वे हमारे बीच कभी आयेंगे। उनको सामने देखकर ऐसा लगा सचमुच सरकार गरीबों के लिए चिंतित है। उनका कार्य सराहनीय है। गौरतलब हो कि उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम कुल 18 प्रखंडों में पूरी तरह सफल रहा।

लाभुकों की खुशी का ठिकाना नहीं

कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे लाभुकों ने बताया कि पहले उनका घर खपरैल का था और वे कभी सोच भी नहीं सकते थे कि पक्का घर बन पाएगा। लेकिन “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जब उन्होंने आवेदन किया, तब से यह सपना धीरे-धीरे साकार होने लगा। अब जब उन्हें चाबी मिल गई है और अपने घर में रहने का मौका मिला है, तो वो बेहद भावुक और आभारी हैं।

किस प्रखंड में कितने लाभुक हुए लाभा​न्वित

क्रम संख्या प्रखंड लाभुक
1 नामकुम 369
2 कांके 355
3 चान्हो 290
4 माण्डर 288
5 अनगड़ा 272
6 सिल्ली 219
7 खलारी 203
8 तमाड़ 171
9 बेड़ो 171
10 ओरमांझी 165
11 नगड़ी 161
12 रातू 152
13 ईटकी 150
14 बुढ़मू 149
15 लापुंग 124
16 सोनाहातू 101
17 राहे 99
18 बुण्डू 94
कुल 3533

अबुआ आवास योजना के अंतर्गत किस्तों का भुगतान

अबुआ आवास योजना के तहत रांची जिले में अब तक कुल 13,065 लाभुकों को पहली किस्त, 11,724 लाभुकों को दूसरी किस्त और 8,468 लाभुकों को तीसरी किस्त का भुगतान किया जा चुका है। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने स्पष्ट किया कि जिन लाभुकों को किस्तों का भुगतान हो चुका है, वे जल्द से जल्द आवास निर्माण पूर्ण करें ताकि उनके लिए भी गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जा सके।

मंईयां सम्मान योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में जिले में चल रही मंईयां सम्मान योजना पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक लाभुक महिला को हर महीने ₹2500 की सम्मान राशि दी जाती है। इसके साथ ही महिलाएं अंडा उत्पादन, बकरी पालन जैसे स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। अप्रैल 2025 तक 3051 लाभुकों को 1,59,300 चूजे और 730 बकरियों का वितरण किया जा चुका है।

ग्रामीणों से सीधे संवाद और समाधान

उपायुक्त श्री भजन्त्री ने साहेर पंचायत के ग्रामीणों से सीधा संवाद कर यह भी जाना कि क्या उन्हें सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छूटे हुए सभी योग्य लाभुकों को पेंशन योजना का लाभ शीघ्र दिलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कोई भी समस्या होने पर ग्रामीण अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर (9430328080) पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह नंबर रांची जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के समाधान हेतु जारी किया गया है।

Share.
Exit mobile version