Ranchi News : झारखंड के देवघर में हुए दर्दनाक बस हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के परिवारों को राज्य सरकार ने राहत देने का ऐलान किया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क होगा और सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और देवघर के जिला उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने शुक्रवार सुबह सदर अस्पताल और एम्स का दौरा किया। उन्होंने मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास हुई बस दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने घायलों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

डॉ. अंसारी ने चिकित्सकों की टीम के साथ घायलों की स्थिति पर चर्चा की और सिविल सर्जन एवं एम्स निदेशक को निर्देश दिया कि घायलों की देखभाल में विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि हादसे में बस चालक समेत 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 24 अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें से 8 श्रद्धालुओं का इलाज एम्स में चल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन कोष से 1-1 लाख रुपये और घायलों को बाबा मंदिर कल्याण कोष से 20-20 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा, सभी घायलों का इलाज, दवाएं और मेडिकल जांच पूरी तरह मुफ्त कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन मृतकों के शवों और घायलों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगा।

घटनास्थल और अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार राहत कार्यों में लगी है। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. युगल किशोर चौधरी, एम्स निदेशक डॉ. सौरभ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती और अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।

सरकार ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवारों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए राहत की सांस ली।

Share.
Exit mobile version