Ranchi News : प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और तत्काल समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में करीब 52 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें सड़क निर्माण, नियुक्ति, मइयां सम्मान योजना, जमीन विवाद, अबुआ आवास योजना और हजारीबाग में पूर्व मुख्यमंत्री केबी सहाय की क्षतिग्रस्त प्रतिमा के पुनर्निर्माण जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। मंत्री ने इन सभी मामलों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तेजी से निपटारा करने का आदेश दिया।
जनता दरबार के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि यहां केवल सुनवाई ही नहीं बल्कि कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने पिछले जनता दरबार का जिक्र करते हुए बताया कि इरम परवीन नामक महिला ने अपनी तीन माह की बच्ची को पति द्वारा कश्मीर ले जाने की शिकायत की थी। इस पर पुलिस को तत्काल निर्देश दिया गया और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को उसकी बच्ची को वापस दिलाया।
मंत्री ने बताया कि जनता दरबार में कई ऐसे मामले आते हैं जिनका निपटारा मौके पर ही हो जाता है, जबकि कुछ मामलों में लंबी प्रक्रिया की जरूरत होती है। ऐसे मामलों पर भी त्वरित कार्रवाई और लगातार निगरानी रखी जाती है।
उन्होंने बताया कि कई छात्रों ने जेएसएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के बावजूद प्रमाण पत्र सत्यापन में हो रही देरी की शिकायत की है। इस पर भी जल्द निर्देश जारी कर समस्या का समाधान किया जाएगा।
विधानसभा सत्र के दौरान प्रस्तावित झारखंड विश्वविद्यालय विधेयक के संबंध में मंत्री ने कहा कि यह बिल पूरी तरह तैयार है और जल्द ही सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। इस विधेयक से उच्च शिक्षा में क्रांतिकारी सुधार होंगे। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि यदि सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए प्रयासरत है, तो विपक्ष को इसमें सहयोग करना चाहिए।



