Ranchi : मुक्ति संस्था ने रविवार को एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। संस्था के सदस्यों ने राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के शवगृह से 30 अज्ञात शवों को निकालकर जुमार नदी के तट पर पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया।

संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने सभी शवों को मुखाग्नि दी, जबकि परमजीत सिंह टिंकू ने अंतिम अरदास की रस्म निभाई। यह कार्य न केवल धार्मिक कर्तव्य बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक भी है।

प्रवीण लोहिया ने जानकारी दी कि मुक्ति संस्था की ओर से अब तक 2064 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। संस्था यह सेवा उन शवों के लिए करती है, जिनकी पहचान नहीं हो पाती या जिन्हें अपनाने कोई नहीं आता।

इस अवसर पर संस्था से जुड़े रवि अग्रवाल, अमित किशोर, संदीप कुमार, विजय धानुका, आदित्य शर्मा, सौरभ बथवाल, हरीश नागपाल, आर.के. गांधी, राजा गोयनका, आशीष भाटिया, राहुल जायसवाल, सुनील अग्रवाल, नीरज खेतान सहित कई सदस्य मौजूद थे।

Share.
Exit mobile version