Ranchi : शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और रेबीज जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए रांची नगर निगम ने नसबंदी और टीकाकरण अभियान को और तेज कर दिया है। प्रशासक के निदेशानुसार चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत सोमवार को कुल 17 आवारा कुत्तों की शल्य चिकित्सा की गई। इसके साथ ही वार्ड संख्या 15 से पकड़े गए 4 नए कुत्तों को नसबंदी और टीकाकरण के लिए शेल्टर भेजा गया।
नगर निगम ने बताया कि इस अभियान का संचालन अधिकृत एजेंसी होप एंड एनिमल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में कुत्तों का ऑपरेशन और वैक्सीनेशन किया जाता है। नसबंदी के बाद कुत्तों को पूरी तरह स्वस्थ होने तक शेल्टर होम में रखा जाता है और फिर उन्हें उसी क्षेत्र में छोड़ा जाता है, जहां से उन्हें पकड़ा गया था।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में आवारा कुत्तों की जानकारी देने या उनकी शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क करें।



