Ranchi News : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत रांची जिले में जून माह की पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से ट्रांसफर कर दी गई है। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह भुगतान सुनिश्चित किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, कुल 2,32,310 लाभुकों को 23 करोड़ 23 लाख 10 हजार रुपये की पेंशन राशि प्रदान की गई है। प्रत्येक लाभुक को उनके बैंक खाते में एक हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। इस योजना के तहत विभिन्न सामाजिक वर्गों को शामिल किया गया है, जिनमें आदिम जनजाति, वृद्धजन, निराश्रित महिलाएं, एचआईवी/एड्स पीड़ित, दिव्यांगजन और ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

योजना के तहत लाभुकों की संख्या

योजना का नाम लाभुकों की संख्या
मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना 1,67,684
मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना 47,271
स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना 16,608
मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना 334
एचआईवी/एड्स पीड़ित सहायतार्थ पेंशन योजना 406
ट्रांसजेंडर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना 7

शिकायत के लिए अबुआ साथी नंबर करें सेव
यदि किसी लाभुक को जून माह की पेंशन राशि प्राप्त नहीं हुई है, तो वह “अबुआ साथी” व्हाट्सएप नंबर – 9430328080 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत पर सामाजिक सुरक्षा कार्यालय द्वारा समुचित कार्रवाई की जाएगी और पेंशन वितरण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

राज्य सरकार की यह योजना सामाजिक सुरक्षा को मजबूती प्रदान करने और वंचित वर्गों को आर्थिक सहारा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share.
Exit mobile version