Health News: बालों में जूं और लीख की समस्या न केवल असुविधा पैदा करती है, बल्कि सामाजिक रूप से भी शर्मिंदगी का कारण बन सकती है। अक्सर सिर में अचानक खुजली बढ़ना इसका पहला संकेत होता है। कई लोग इससे छुटकारा पाने के लिए बाजार के रासायनिक प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आयुर्वेद और घरेलू नुस्खे भी उतने ही असरदार साबित हो सकते हैं।

नारियल तेल और कपूर का जादुई असर

आयुर्वेद के मुताबिक नारियल का तेल जुओं को खत्म करने के लिए बेहद उपयोगी है। यह न सिर्फ सिर की त्वचा को पोषण देता है बल्कि बालों को टूटने से भी बचाता है। खास बात यह है कि जब इसमें कपूर मिलाया जाता है, तो यह मिश्रण प्राकृतिक कीटनाशक की तरह काम करता है। कपूर में मौजूद एंटीसेप्टिक और एंटीपैरासिटिक गुण जुओं और उनके अंडों को नष्ट कर देते हैं। इस उपाय के लिए नारियल तेल की एक कटोरी में 2-3 टुकड़े कपूर घोलकर रात को सोने से पहले बालों की जड़ों में मालिश करनी चाहिए। इसके बाद सिर को कपड़े से ढककर सोना और सुबह शैम्पू से धोना लाभकारी माना जाता है। कुछ ही दिनों में इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगते हैं।

सिरका और नींबू का असर

नारियल तेल के अलावा सिरका भी जुओं के खिलाफ कारगर विकल्प है। हल्के गुनगुने पानी में दो चम्मच सफेद सिरका या एप्पल साइडर विनेगर मिलाकर सिर धोने से जुओं और लीखों की पकड़ ढीली हो जाती है और वे आसानी से हटने लगती हैं। इसी तरह नींबू का रस भी असरदार प्राकृतिक उपाय है। नारियल तेल में नींबू का रस मिलाकर लगाने से इसका असर और बढ़ जाता है। नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड जुओं की त्वचा को नुकसान पहुंचाकर उन्हें नष्ट करता है। साथ ही यह स्कैल्प की सफाई करता है और डैंड्रफ जैसी समस्या से राहत दिलाता है।

अन्य घरेलू नुस्खे

कुछ लोग पेट्रोलियम जेली का भी इस्तेमाल करते हैं। यह जुओं की सांस रोककर उनके जीवन चक्र को खत्म कर देती है। हालांकि, इसे धोना मुश्किल होता है और बालों में चिपचिपापन छोड़ जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि चाहे नारियल तेल हो, सिरका या नींबू, अगर इन प्राकृतिक उपायों को नियमित रूप से अपनाया जाए तो जुओं से छुटकारा पाना आसान हो सकता है और स्कैल्प भी स्वस्थ रहता है।

Share.
Exit mobile version