Ranchi News : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए राजधानी रांची के दो प्रमुख अस्पतालों का दौरा किया। मुख्यमंत्री पहले दीपाटोली स्थित क्यूरेस्टा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा से मुलाकात की। विमल लकड़ा इन दिनों स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ी की कुशलक्षेम पूछी और उनके उपचार में लगे चिकित्सकों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति और सुधार की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हॉकी जैसे खेलों से जुड़े खिलाड़ियों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। मुख्यमंत्री ने विमल लकड़ा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि उनका योगदान राज्य और देश के लिए गौरव का विषय है।

इसके बाद मुख्यमंत्री मेडिका मणिपाल अस्पताल, रांची पहुंचे, जहां लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने श्री मुंडा से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिवारजनों से भी बातचीत की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों से श्री मुंडा के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि कड़िया मुंडा झारखंड की राजनीति में एक आदर्श और प्रेरणा हैं। उनका स्वस्थ रहना हम सभी के लिए महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने श्री मुंडा के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संभव मदद के लिए तत्पर है।

Share.
Exit mobile version