Patna News: बिहार के वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीएम नीतीश कुमार ने एक बड़ी और राहत भरी घोषणा की है। ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत अब राज्य के बुजुर्गों को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लाखों वरिष्ठ नागरिकों को अस्पतालों के चक्कर लगाने से निजात मिलेगी।
सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2005 से उनकी सरकार “न्याय के साथ विकास” के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे बिहार को एक परिवार मानकर सभी वर्गों के सम्मान और सुविधा का ध्यान रखा है। अब यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर नागरिक, खासकर बुजुर्ग, सम्मान के साथ आसान जीवन जी सकें।
सीएम नीतीश ने बताया कि वर्ष 2025 से 2030 के लिए राज्य को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के उद्देश्य से ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम लागू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को कम करना और जीवन को सरल बनाना है।
घर पर मिलेंगी ये स्वास्थ्य सुविधाएं
सीएम ने कहा कि इस पहल के तहत जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को सबसे पहले नर्सिंग सहायता घर पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही ब्लड टेस्ट जैसी पैथोलॉजी जांच, ब्लड प्रेशर, ईसीजी और फिजियोथेरेपी की सुविधा भी घर पर ही मिलेगी। किसी आपात स्थिति में जरूरी चिकित्सकीय सहायता तुरंत बुजुर्गों के घर तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी सेवाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार यह भी आकलन कर रही है कि वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को और आसान बनाने के लिए कौन-कौन सी अतिरिक्त सुविधाएं दी जा सकती हैं।
इस खबर को भी पढ़ें : मगध की विरासत पर नीतीश कुमार की नजर, कुम्हरार पार्क के लिए बड़ा निर्देश
सीएम ने लोगों से अपील की कि यदि उनके पास इस योजना को और बेहतर बनाने के लिए कोई सुझाव हों, तो वे सरकार तक अपने सुझाव जरूर पहुंचाएं। सरकार बुजुर्गों के सम्मान, स्वास्थ्य और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।



