रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज झारखंड मंत्रालय में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में नव प्रोन्नत हुए झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को उनकी नई और बड़ी जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य के विकास में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस प्रकार इन अधिकारियों ने अब तक अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है, आईएएस के रूप में भी वे उसी निष्ठा, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राज्य की सेवा जारी रखेंगे। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना ही प्रशासन का असली लक्ष्य होना चाहिए।
मुलाकात करने वाले अधिकारियों की सूची
मुख्यमंत्री से मिलने वाले नव प्रोन्नत आईएएस अधिकारियों में दिलेश्वर महतो, इश्तियाक अहमद, विद्यानंद शर्मा पंकज, संगीता लाल, रोबिन टोप्पो, अनिलसन लकड़ा, अरुण कुमार सिंह, नागेंद्र पासवान, आसिफ इकराम, नीरज कुमार सिंह, जुल्फिकार अली, अर्चना मेहता और आलोक शिकारी कच्छप शामिल थे।



