Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की।

इस मौके पर जेसोवा की ओर से मुख्यमंत्री को 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2025 तक मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित होने वाले दिवाली मेला में सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह मेला पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री को मेला कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजनों की जानकारी भी दी गई। इस मेले का उद्देश्य न केवल मनोरंजन है, बल्कि समाजसेवा से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना भी है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने जेसोवा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कल्याण कार्यों के बारे में भी विस्तार से बताया। जेसोवा लंबे समय से जरूरतमंदों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में कार्य करती आ रही है। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन के कार्यों की सराहना की और दिवाली मेले के आयोजन की सफलता की कामना की।

मुलाकात करने वालों में जेसोवा अध्यक्ष प्रीति कुमारी, सचिव मनु झा, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह, और कार्यकारिणी सदस्य रंजना कुमार एवं ज्योति मंजू शामिल रहीं।

Share.
Exit mobile version