Beijing, (China): सोशल मीडिया के इस दौर में चीन से एक ऐसा डरावना ट्रेंड सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की नींद उड़ा दी है। इसे ‘प्लास्टिक ईटिंग’ या ‘क्लिंग रैप डाइट’ कहा जा रहा है। इस अजीबोगरीब तरीके में युवा अपने मुंह पर प्लास्टिक रैप (Cling Wrap) लगाकर खाना खाते हैं, उसे चबाते हैं और फिर निगलने के बजाय थूक देते हैं। इस खतरनाक पैंतरे के पीछे यह दावा किया जा रहा है कि इससे बिना कैलोरी शरीर में लिए दिमाग को पेट भरने का अहसास कराया जा सकता है।

Read more: मां कौन, बेटी कौन? वायरल फोटो ने सोशल मीडिया को उलझा दिया

टिकटॉक, डौयिन और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म्स पर इस ट्रेंड के वीडियो लाखों बार देखे जा रहे हैं। युवा इसे वजन नियंत्रित करने का ‘शॉर्टकट’ मान रहे हैं, लेकिन हकीकत में यह जानलेवा साबित हो सकता है।

शरीर में जहर घोल रहा माइक्रोप्लास्टिक

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस ट्रेंड को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) की स्टडी के मुताबिक, प्लास्टिक के संपर्क में आने से माइक्रोप्लास्टिक के सूक्ष्म कण शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। इससे पेट और आंतों में गंभीर संक्रमण, गैस, तेज दर्द और मतली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यही नहीं, प्लास्टिक में मौजूद बीपीए (BPA) जैसे हानिकारक केमिकल शरीर का हार्मोनल संतुलन बिगाड़ सकते हैं, जिससे लीवर और फेफड़ों में सूजन का खतरा बढ़ जाता है।

मानसिक सेहत पर भी गहरा संकट

डॉक्टरों का मानना है कि यह केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि एक गंभीर मानसिक समस्या यानी ‘ईटिंग डिसऑर्डर’ का भी संकेत है। कैलोरी के डर से खाने को चबाकर थूकने की आदत व्यक्ति को कुपोषण की ओर ले जा सकती है। विशेषज्ञों ने साफ किया है कि इस तरह के हथकंडों से वजन नहीं घटता, बल्कि शरीर में कमजोरी आती है और बाद में ओवरईटिंग (ज्यादा खाने) की समस्या शुरू हो जाती है।

Read more: ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया पर सख्ती: अब YouTube भी 16 साल से कम उम्र वालों के लिए बंद

सोशल मीडिया पर भी लोग इस ट्रेंड को लेकर चिंता जता रहे हैं। विशेषज्ञों का स्पष्ट संदेश है कि वजन घटाने के लिए संतुलित आहार और नियमित व्यायाम ही एकमात्र सुरक्षित तरीका है। प्लास्टिक के साथ किया गया यह प्रयोग उम्र भर की बीमारी दे सकता है।

Share.
Exit mobile version