Ranchi : बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में MMK हाई स्कूल बरियातू, रांची ने एक नई पहल की है। शनिवार को विद्यालय परिसर में रिक्रिएशन रूम और प्रयोगशाला का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि रांची की SRO मोनी कुमारी ने फीता काटकर दोनों सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर समाजसेवी हाजी मुश्ताक विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मोनी कुमारी ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाई और प्रयोगात्मक गतिविधियों से जोड़ना शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रयोगशाला बच्चों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सीखने की क्षमता को और मजबूत बनाएगी।
हाजी मुश्ताक ने भी विद्यालय के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित न रखकर उन्हें प्रयोगात्मक और व्यावहारिक ज्ञान देना आज की शिक्षा व्यवस्था की बड़ी ज़रूरत है।
विद्यालय की प्राचार्या कहकशा परवीन ने बताया कि रिक्रिएशन रूम और प्रयोगशाला विशेष रूप से छोटे बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें शैक्षणिक खेल, प्रयोग सामग्री और रोचक गतिविधियाँ शामिल की गई हैं, जो पढ़ाई को अधिक ज्ञानवर्धक और आनंददायक बनाएंगी।
विद्यालय के निदेशक डॉ. तनवीर अहमद ने कहा कि MMK हाई स्कूल का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक, उपयोगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने मुख्य अतिथि और विशेष अतिथि का आभार प्रकट किया।



