अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
लंदन/रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने लंदन प्रवास के दौरान यूनाइटेड किंगडम में रोजगार कर रहे झारखंड-मूल के नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। इस संवाद में नर्सों, केयरगिवर्स, घरेलू कर्मियों सहित सेवा क्षेत्र से जुड़े अनेक कामगार शामिल हुए, जिन्होंने विदेशों में काम करने के अपने अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।
प्रवासी कामगारों ने बताया कि वर्षों से यूके में निवास और रोजगार के बावजूद उनका झारखंड से भावनात्मक, सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है। भाषा, परंपरा, संस्कार और पहचान के रूप में झारखंड उनके जीवन में निरंतर जीवित है। संवाद के दौरान कामगारों ने विदेशों में रोजगार के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों, कार्यस्थल की परिस्थितियों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार विदेशों में कार्यरत झारखंड-मूल के नागरिकों की गरिमा, सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विदेशों में रोजगार सम्मानजनक, सुरक्षित और बेहतर अवसर प्रदान करने वाला होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विदेशों में कामगारों के हित में लाए जा रहे कानूनों और प्रावधानों का झारखंड सरकार गहन अध्ययन करेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिस प्रकार राज्य के भीतर कामगारों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं लागू हैं, उसी प्रकार विदेशों में रोजगार कर रहे झारखंड-मूल के लोगों के अधिकारों और हितों की भी रक्षा हो सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यूके में कार्यरत झारखंड के कामगारों के कल्याण से जुड़े विषयों पर भारत के राजदूत से बातचीत की गई है, ताकि प्रवासी श्रमिकों को आवश्यक सहयोग और संरक्षण मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार विदेशों में कार्यरत नर्सों, केयरगिवर्स और अर्ध-कुशल कामगारों के योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण मानती है। ये कामगार न केवल अपने परिवारों का सहारा हैं, बल्कि वैश्विक मंच पर झारखंड की पहचान और प्रतिष्ठा को भी सशक्त कर रहे हैं।
इस संवाद में रेनू लाकड़ा, अंजू लाकड़ा, सिस्टर ज्योति, फुलकारी एक्का, मार्था टोप्पो, मैरी खाखा, कॉसमोस कुजूर, तारा तिर्की, सरोज टोप्पो, प्लेसिडियस टोप्पो, एलिज़ाबेथ कुजूर, विजय कुजूर और जैसिंटा कुजूर सहित कई झारखंड-मूल के नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के इस संवाद को सकारात्मक और भरोसेमंद पहल बताया।

