रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन दावोस और यूनाइटेड किंगडम (लंदन) के सफल दौरे के बाद मंगलवार को रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में उनका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल, विभिन्न सामाजिक संगठनों और आमजनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर एयरपोर्ट परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में पहली बार झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक में शामिल हुआ। यह राज्य के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। इस वैश्विक सम्मेलन में दुनिया भर के प्रमुख निवेशकों, उद्योगपतियों और नीति निर्धारकों की सहभागिता रही, जहां झारखंड ने अपनी संभावनाओं और प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से रखा।

रांची पहुंचने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे वैश्विक मंच के माध्यम से झारखंड को अपनी बात रखने का एक बड़ा अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार झारखंड ने इतने व्यापक वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जो अपने आप में एक नया अध्याय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस और लंदन दौरे के दौरान राज्य सरकार ने झारखंड की आवाज को दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ-साथ राज्य की औद्योगिक, शैक्षणिक और निवेश संबंधी अपार संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों के समक्ष रखा गया। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम से मिले अनुभवों का लाभ झारखंड के समग्र विकास में लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण करना है। शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई पहल कर युवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य में मौजूद संभावनाओं को मूर्त रूप देकर झारखंड को प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर किया जाएगा।

Share.
Exit mobile version