रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन दावोस और यूनाइटेड किंगडम (लंदन) के सफल दौरे के बाद मंगलवार को रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में उनका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल, विभिन्न सामाजिक संगठनों और आमजनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर एयरपोर्ट परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस और लंदन दौरे के दौरान राज्य सरकार ने झारखंड की आवाज को दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ-साथ राज्य की औद्योगिक, शैक्षणिक और निवेश संबंधी अपार संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों के समक्ष रखा गया। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम से मिले अनुभवों का लाभ झारखंड के समग्र विकास में लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण करना है। शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई पहल कर युवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य में मौजूद संभावनाओं को मूर्त रूप देकर झारखंड को प्रगति के पथ पर तेजी से अग्रसर किया जाएगा।



