Ranchi News : झारखंड में मानसून की शुरुआत के साथ ही लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश की तीव्रता को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से एक वीडियो साझा करते हुए राज्यवासियों को भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मानसून अभी शुरू ही हुआ है और शुरुआत से ही जिस तरह की तेज बारिश हो रही है, वह निश्चित रूप से चिंता का विषय है। राज्य के कई हिस्सों में जलजमाव और बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। सरकार हर स्तर पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ज़रूरतमंदों को राहत पहुंचाने का कार्य जारी है।”

उन्होंने यह भी कहा कि यह जलवायु परिवर्तन का असर है, जिससे लगातार मौसम में असामान्य बदलाव देखे जा रहे हैं। पर्यावरणीय असंतुलन का असर आम जनजीवन पर साफ़ देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि किसी भी प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव कार्यों में कोई कमी न आने दी जाए।

राज्य सरकार द्वारा पहले से ही जिला प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा गया है और सभी जरूरी संसाधन मुहैया कराए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं और अस्थायी राहत शिविरों की भी व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री सोरेन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है और हर परिवार तक राहत पहुंचाई जाएगी।

राज्य में भारी बारिश से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में रांची, लोहरदगा, गिरिडीह, सिमडेगा और दुमका जैसे जिले शामिल हैं, जहां बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

Share.
Exit mobile version