अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chainpur, (Gumla): चैनपुर थाना क्षेत्र के बिंदोरा मोड़ के समीप गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। एक तेज रफ्तार एक्टिवा स्कूटी अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।मिली जानकारी के अनुसार, प्रीतम रौतिया पिता अर्जुन रौतिया और भीम कुमार पिता मनबोध बैगा अपने एक दोस्त की एक्टिवा स्कूटी जेएच 01 डीएस 7857 लेकर किसी काम से गुमला की ओर जा रहे थे।
बिंदोरा मोड़ के पास चालक ने संतुलन खो दिया और स्कूटी सीधे सड़क किनारे लगे शीशम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रीतम रौतिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।हादसा देर शाम का होने के कारण रात भर दोनों वहीं पड़े रहे। शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे जब ग्रामीण अपने काम के लिए निकले, तब उन्होंने दोनों को वहां देखा। ग्रामीणों की मदद से घायल भीम कुमार को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में जेएनएम द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद, भीम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गुमला रेफर कर दिया गया है।घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार और एएसआई संतोष धर्मपाल लुगुन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है।हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

