Ranchi News : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को “विकसित भारत का अमृत काल: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चा प्रमुख, सोशल मीडिया टीम, आयोजन समिति के सदस्य सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री सरोज सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने दिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा देश की जनता ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है। मोदी सरकार लगातार 11 वर्षों से जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतर रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और वैश्विक मंचों पर उसकी प्रतिष्ठा बढ़ी है।
मरांडी ने केंद्र की उपलब्धियों की तुलना राज्य सरकार की विफलताओं से करते हुए झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और जनविरोधी नीतियों में फंसी है और विकास से उसका कोई सरोकार नहीं है। भाजपा जनता के बीच केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएगी और राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बताया कि पार्टी 5 जून से 30 जून तक राज्यभर में विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करेगी। पर्यावरण दिवस से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत होगी। इसके अलावा, मंडल, पंचायत और जिला स्तर पर संकल्प सभा, चौपाल, योग प्रशिक्षण, आयुष्मान भारत पंजीकरण, प्रेसवार्ता, प्रदर्शन, मन की बात कार्यक्रम और हूल दिवस जैसे आयोजन होंगे।
राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा और कार्यक्रम संयोजक आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार पारदर्शिता के साथ हर साल अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट जनता को देती है और यह कार्यशाला उसी जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को ज़मीन पर उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मोर्चा प्रभारी और जिला संयोजक उपस्थित रहे।



