Ranchi : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा, झारखंड प्रदेश का एक शिष्टमंडल राजभवन में मिला। शिष्टमंडल ने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें 1 सितंबर 2025 को रांची में आयोजित महिला मोर्चा की रैली पर पुलिस कार्रवाई का जिक्र किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि यह रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में आयोजित की गई थी। महिला कार्यकर्ता लोकतांत्रिक ढंग से कांग्रेस भवन, रांची का घेराव करने जा रही थीं, तभी पुलिस ने बल प्रयोग किया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और लाठीचार्ज किया, जिससे कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राज्यपाल से उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान उपाध्यक्ष बबिता झा, मंत्री सूचिता सिंह, मंत्री नीलम चौधरी, मीडिया प्रभारी कुमुद झा, सोशल मीडिया प्रभारी रंजीता सिंह, कार्यालम मंत्री कवलजीत कौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष नेहा सिंह और महानगर अध्यक्ष पायल सोनी सहित अन्य महिला नेताओं ने भाग लिया।



