1 से 20 दिसंबर के बीच 23 हजार से अधिक कार्ड तैयार

गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार गुमला जिले में आयुष्मान भारत–मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान को गति दी गई है। जिले की सभी पीडीएस दुकानों पर लगातार आयुष्मान कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जिससे आमजन को अपने नजदीकी स्थान पर ही स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 दिसंबर से 20 दिसंबर तक आयोजित इन विशेष शिविरों के माध्यम से अब तक 23 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड का निर्माण किया जा चुका है। पीडीएस दुकानों को कैंप स्थल के रूप में चयनित करने का उद्देश्य यह है कि जिले के सभी राशन कार्ड धारकों को अनिवार्य रूप से आयुष्मान कार्ड से जोड़ा जा सके।

उपायुक्त द्वारा इस पूरे अभियान की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सक्रियता के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिन लाभुकों का आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन पाया है, वे अपने नजदीकी पीडीएस दुकान पर आयोजित आयुष्मान कैंप में पहुंचकर जल्द से जल्द अपना कार्ड बनवाएं।

गौरतलब है कि आयुष्मान भारत–मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रति वर्ष 15 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है। यह योजना गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रही है।

Share.
Exit mobile version