अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : झारखंड के किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत कराने और सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के नेतृत्व में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। यह अभियान 29 मई से शुरू हुआ है और आगामी 12 जून तक चलेगा।
BAU के कुलपति डॉ एससी दुबे ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक राज्य के 16 जिलों में स्थित कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से 646 गांवों में 63,207 किसानों से सीधा संवाद किया गया है। संवाद का उद्देश्य खरीफ मौसम की प्रमुख फसलों के लिए उन्नत तकनीकों को समझाना और केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
किसानों को धान, मक्का, मोटे अनाज (श्री अन्न), अरहर, उड़द, मूँग, सोयाबीन, मूंगफली, तिल और सरगुजा जैसी खरीफ फसलों की वैज्ञानिक खेती, मिट्टी जांच की आवश्यकता और पोषण प्रबंधन, फसल सुरक्षा, कीट नियंत्रण आदि विषयों की जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, कृषि यंत्रीकरण उप-मिशन, पारंपरिक कृषि विकास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, झारखंड किसान समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, मिलेट मिशन योजना और कृषि ऋण माफी जैसी योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई। किसानों से अपील की गई है कि वे इन योजनाओं से जुड़कर अधिकतम लाभ प्राप्त करें।
कुलपति डॉ दुबे ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 16 जिलों में कुल 36 टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों में बीएयू के 56 वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय मुख्यालय व महाविद्यालयों से 24 वैज्ञानिक, आईसीएआर के विभिन्न संस्थानों से 29 वैज्ञानिक तथा राज्य सरकार के कृषि व अन्य विभागों के 78 पदाधिकारी शामिल हैं। सभी टीमें प्रतिदिन तीन गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। अभियान की निगरानी निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ रेखा सिन्हा और नोडल पदाधिकारी डॉ बीके अग्रवाल कर रहे हैं, जो प्रतिदिन अभियान की प्रगति का मूल्यांकन कर रहे हैं।

