Jharkhand News: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने शुक्रवार की देर रात गिरिडीह जिले में बैंक ऑफ इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी को रंगेहाथ घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। मामला पचम्बा के कल्याणडीह स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र का है, जहां के निदेशक एवं बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अभिषेक कमल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार, केंद्र में संचालित कैंटीन का टेंडर पास कराने के एवज में अभिषेक कमल ने कैंटीन संचालक से 20 हजार रुपये की मांग की थी। इसकी जानकारी कैंटीन संचालक ने तत्काल धनबाद सीबीआई को दी। शिकायत के आधार पर सीबीआई की एक टीम, जिसमें लगभग एक दर्जन अधिकारी शामिल थे, धनबाद डीएसपी पाठक के नेतृत्व में गिरिडीह पहुंची।
सीबीआई ने शुक्रवार की शाम को योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही कैंटीन संचालक ने रिश्वत की रकम सौंपी, सीबीआई ने अभिषेक कमल को रंगेहाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद अधिकारी को धनबाद ले जाया गया, जहां पूछताछ की जा रही है।



