West Singhbhum News : सरकारी दफ्तर में ड्यूटी के दौरान खुलेआम सिगरेट पीते हुए पकड़े गए जनसेवक जगमोहन सोरेन को प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई चाईबासा डीसी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर की है, जब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में जगन्नाथपुर प्रखंड कार्यालय में जगमोहन सोरेन को टेबल पर बैठकर सिगरेट पीते देखा गया। मानवाधिकार सहायता संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवराज हेस्सा ने 5 जुलाई को यह वीडियो X पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
वीडियो में सरकारी मर्यादा की खुली अवहेलना दिखने के बाद मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया और डीसी को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली-2016 की धारा 9 (क) के अंतर्गत जगमोहन सोरेन को निलंबित कर दिया गया है।
साथ ही, उप विकास आयुक्त को उनके विरुद्ध विधिवत अनुशासनात्मक जांच प्रारंभ करने का आदेश दिया गया है। यह मामला सरकारी कर्मियों की जवाबदेही और आचरण को लेकर एक बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।



