गुमला / जारी :- अंतर्राष्ट्रीय सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 12 दिसंबर 2025 को सिकरी प्रखंड के ग्राम अवराटोली पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम डालसा अध्यक्ष ध्रुव चंद्र मिश्रा और सचिव राम कुमार लाल गुप्ता के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, विधिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देना था। मौके पर उपस्थित पीएलवी दीपक कुमार ने ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ और इनके उपयोग के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवा का अधिकार है और इसके लिए सरकार कई स्तरों पर सुविधाएं उपलब्ध कराती है।
इसके साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को रोकने के लिए कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि नाबालिगों की शादी कराना दंडनीय अपराध है और इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देनी चाहिए। स्पॉन्सरशिप योजना सहित अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे जरूरतमंद लोग इनसे लाभ उठा सकें।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया और कई मुद्दों पर सवाल पूछे। आयोजन का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना था, जो सफल रहा।



