Ranchi : झारखंड राज्यस्तरीय कलाकारों के महाजुटान 2025 का मंगलवार को रांची के SDC सभागार में भव्य आयोजन हुआ। झारखंड कलाकार सोसाइटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के सभी 24 जिलों और नौ भाषाओं के कलाकारों ने शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत कलाकारों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंडी कलाकारों ने अपनी कला, नृत्य और संगीत से न सिर्फ राज्य बल्कि देश-दुनिया में पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ललित कला अकादमी, संगीत नाटक अकादमी और साहित्य अकादमी की स्थापना कर कलाकारों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। साथ ही उन्होंने कलाकारों से कला को उद्योग के रूप में विकसित करने और बेहतर मार्केटिंग पर जोर दिया।

पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि कलाकारों के लिए ठोस नीति बनाना समय की मांग है। उन्होंने दिसंबर में मोरहाबादी मैदान में राज्यस्तरीय कलाकार महासमागम आयोजित करने की घोषणा की और बताया कि इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया जाएगा।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आश्वासन दिया कि कलाकारों की मांगों को पार्टी की कोऑर्डिनेशन कमिटी में रखा जाएगा। वहीं, पद्मश्री मधु मंसूरी ने अपने गीतों के माध्यम से कलाकारों की पीड़ा को सामने रखा। मौके पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एम. तौसीफ, कांग्रेस प्रवक्ता किशोर नाथ सहदेव सहित कई जाने-माने कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share.
Exit mobile version