अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
West Singhbhum News : पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने रविवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती के अवसर पर चाईबासा में राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने पेसा कानून, पंचायत व्यवस्था, शराब नीति और विस्थापितों के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
मुंडा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पेसा कानून को लेकर गंभीर नहीं है, जबकि यह आदिवासी समाज की परंपरागत संरचना को मजबूती देने के लिए बनाया गया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पेसा नियमावली का शीघ्र निर्माण आवश्यक है, ताकि पंचायतों को उनके कानूनी अधिकार मिल सकें।
उन्होंने नई शराब नीति पर भी निशाना साधा और कहा कि सरकार केवल राजस्व बढ़ाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में शराब बिक्री को बढ़ावा दे रही है, जिससे गांवों में सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है। जहरीली शराब से हो रही मौतों पर उन्होंने सरकार की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और अवैध शराब पर रोक की मांग की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि अब तक सरकार भूमिहीनों और विस्थापितों की सही सूची तक नहीं बना पाई है, जिससे वास्तविक लाभार्थी योजनाओं से वंचित हैं। उन्होंने कोल्हान में स्थायी आयुक्त की नियुक्ति में देरी को प्रशासनिक लापरवाही बताया और कहा कि जनता को अब अपने अधिकारों के लिए संगठित होना होगा।

