डुमरी थाना क्षेत्र के महुआडांड़ जैरागी मुख्य पथ में जैरागी के समीप अंवराटोली बगीचा के पास मंगलवार को टेंपू एवं बोलेरो की सीधी भिड़ंत में दो बुजुर्गों सहित एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब जैरागी बाजार से लौट रहे ऑटो को विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया, जिसमें सवार हुंदरू नगेसिया (65) पिता जीतू नगेसिया ग्राम चीरोटोली और बीतू तुरी (55), ग्राम महुआटोली, थाना महुआडांड़, जिला लातेहार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार एक ढाई वर्षीय मासूम बच्चा अनीश बाड़ा पिता पितरूस बाड़ा ग्राम चीरोटोली को गुमला ले जाने के क्रम में रायडीह के समीप हालत बिगड़ने पर सी एच सी रायडीह ले जाया गया जहां चिकित्सक के द्वारा बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी लाया गया था जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अलबेल केरकेट्टा ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया था। हादसे में मासूम के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने डुमरी थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना के एसआई आनंदी साहु, एएसआई अंकित राज एवं एएसआई सुनील बाउरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है एवं आगे की कार्रवाई जारी है। मौके पर उदनी पंचायत के मुखिया डेविड मिंज ने डुमरी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना एवं मृतक के परिवार जनों के समक्ष ढांढस बंधाया।

डुमरी से आदित्य कुमार की रिपोट

Share.
Exit mobile version