Ranchi : झारखंड में अवैध बालू खनन और उससे जुड़े काले कारोबार को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा कदम उठाया है। ईडी ने गुरुवार को पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के भाई अंकित राज सहित सात लोगों के ख़िलाफ विशेष PMLA अदालत में आरोप पत्र दायर किया।

आरोप पत्र में अंकित राज को अवैध बालू कारोबार का सरगना बताया गया है, जबकि उसके सहयोगी मनोज कुमार अग्रवाल, पंचम कुमार, संजीव कुमार, मनोज प्रसाद दांगी और बिंदेश्वर कुमार दांगी सहित अन्य छह को सह-आरोपी के रूप में शामिल किया गया है।

ED की जांच में सामने आया कि अंकित राज का माइनिंग लाइसेंस वर्ष 2019 में समाप्त हो गया था। इसके बावजूद उसने दामोदर और अन्य नदियों से बालू का अवैध खनन जारी रखा और इसके लिए उसने एक मज़बूत नेटवर्क खड़ा कर रखा था।

ED ने हाल ही में छापेमारी के दौरान अंकित राज के ठिकानों से 36 बैंक खातों के ब्योरे और अन्य अहम दस्तावेज जब्त किए थे। जांच में यह भी सामने आया कि इस काले कारोबार से अर्जित 3.02 करोड़ रुपये की संपत्ति को ईडी ने जब्त किया है।

गौरतलब है कि 2024 में ही ED ने अंबा प्रसाद और उनके पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ रंगदारी, प्रतिबंधित संगठन चलाने, जमीन कब्जाने और अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में ECIR दर्ज किया था। अब इस आरोप पत्र के दाखिल होने के बाद अवैध खनन के पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है।

Share.
Exit mobile version